जिला सक्ती-छत्तीसगढ़
प्रदेश मिडिया प्रभारी राजा के साथ संभाग ब्यूरो चीफ शिवा यादव जिला रिपोर्टर श्रद्धा बर्मन, कैमरामैन सुरेंद्र बरेठ



आधुनिक एवं तकनीकी खेती को मिलेगा बढ़ावा, किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के बीच बनेगा सीधा संपर्क
सक्ती। कृषि प्रधान जिला सक्ती के किसानों के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। जिले में जल्द ही कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना की जाएगी। इससे जिले के किसानों को आधुनिक एवं तकनीकी खेती की जानकारी के साथ कृषि वैज्ञानिकों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।

11 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े एवं किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के गृह प्रवेश, पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन एवं लखपति दीदी सम्मेलन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अपने उद्बोधन में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सक्ती जिले के किसानों द्वारा की जा रही कृषि गतिविधियों का उल्लेख किया। उन्होंने किसानों द्वारा पारंपरिक फसलों के साथ-साथ विभिन्न फसलों एवं सब्जियों की खेती में बनाई जा रही पहचान की सराहना की।

केंद्रीय मंत्री ने जिले में अलसी की फसल तथा अलसी और भिंडी के पौधों के रेशों से तैयार जैकेट का भी उल्लेख करते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि सक्ती जिले के किसान कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं को अपनाते हुए अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।
सक्ती जिले की स्थानीय जलवायु एवं मिट्टी में कृषि के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। जिले के किसान धान एवं अन्य फसलों के साथ-साथ सब्जी उत्पादन में भी आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना किसानों के लिए तकनीकी मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण माध्यम साबित हो सकती है।
कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत खेती के तरीके, फसल प्रबंधन, मिट्टी संबंधी जानकारी एवं कृषि विशेषज्ञों का मार्गदर्शन प्राप्त हो सकेगा। साथ ही किसानों को नई तकनीकों और कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों से भी जोड़ा जा सकेगा।
कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना से सक्ती जिले के किसान भाइयों और कृषि वैज्ञानिकों के बीच सीधा संपर्क स्थापित होने की उम्मीद है। किसान अपनी कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान विशेषज्ञों से प्राप्त कर सकेंगे तथा वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
इस बड़ी सौगात के लिए भाजपा किसान मोर्चा सरगुजा संभाग के सह प्रभारी प्रवीण यादव ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सक्ती जिले के किसानों के लिए कृषि विज्ञान केंद्र की स्वीकृति एक बड़ी और महत्वपूर्ण सौगात है।
प्रवीण यादव ने कहा कि सक्ती कृषि प्रधान जिला है और यहां के किसानों में कृषि के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपार क्षमता है। कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना से किसानों को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक सलाह एवं विशेषज्ञों का मार्गदर्शन आसानी से उपलब्ध होगा। इससे जिले के कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिलने के साथ किसानों को आने वाले समय में इसका सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से किसानों को स्थानीय मिट्टी एवं जलवायु के अनुरूप खेती की वैज्ञानिक जानकारी मिल सकेगी। इससे फसल विविधीकरण, आधुनिक तकनीक एवं कृषि नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।
कृषि विज्ञान केंद्र की घोषणा के बाद जिले के किसानों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है। किसानों को उम्मीद है कि यह केंद्र सक्ती जिले में कृषि विकास को नई गति देने के साथ किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के बीच मजबूत संपर्क का माध्यम बनेगा।

Leave a Reply